

कौशल सीखें और आत्मनिर्भर बनें
भारत सरकार के कौशल विकास कार्यक्रम आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रहे हैं। इसलिए आप भी इस कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से संबंधित प्रशिक्षण का कौशल सीखें और आत्मनिर्भर बनें। ये उद्बोधन मुख्य अतिथि सुशीला ओझा ने जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा संचालित किए जाने वाले कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र के शुभारंभ के अवसर पर व्यक्त किए।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के सौजन्य से संचालित जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा आज दिनांक 11 सितंबर, 2025 को स्थानीय नत्थुसर गेट के अंदर महिलाओं और किशोरियों के लिए असिस्टेंट हेयर केयर सलून सर्विस का कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किया गया है।
मुख्य अतिथि श्रीमती ओझा ने कहा कि इस केन्द्र पर आप जोभी काम सीखें उसमें परफेक्ट बनें और अपने द्वारा सीखे जाने वाले हाथ के हुनर को बाजार से जोड़ने पर ही इसकी सार्थकता है। संस्थान के निदेशक ओम प्रकाश सुथार ने कहा कि इस कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम में काम सीखने के साथ-साथ प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत मिलने वाले वित्तीय ऋण से अपना स्वरोजगार शुरू करने का भी मन बनाएं।
सहायक कार्यक्रम अधिकारी उमाशंकर आचार्य ने प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालन से जुड़े विभिन्न प्रक्रियाओं और पाठ्यक्रमानुसार कार्यप्रगति करने की जानकारी दी। केन्द्र की प्रशिक्षिका रेखा बिस्सा ने अपना काम मेहतन और लगन से करने की बात रखी।
