

वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान राशि बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह
बीकानेर भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पत्रकार कल्याण, सम्मान एवं सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य के पूर्णकालिक वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों को दी जाने वाली सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना में संशोधन करते हुए नई अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी संशोधन नियम-2026 के अनुसार ऐसे पूर्णकालिक अधिस्वीकृत पत्रकार, जिन्होंने दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक समाचार पत्र, स्वतंत्र पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अथवा समाचार एजेंसी में कम से कम 20 वर्षों तक सेवाएं दी हों और जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो, वे प्रतिमाह 18 हजार रुपये सम्मान राशि प्राप्त करने के पात्र होंगे। इस योजना में दैनिक, साप्ताहिक एवं पाक्षिक समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और समाचार एजेंसियों के संपादक, प्रकाशक एवं मालिक भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों की सम्मान राशि बढ़ाने की घोषणा की थी। बजट घोषणा की अनुपालना में डीआईपीआर ने अधिसूचना जारी कर योजना को लागू कर दिया है। नई अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत लाभार्थी दिवंगत पत्रकार की पत्नी को मिलने वाली सम्मान निधि भी 7 हजार 500 रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
