Bikaner Bikaner District Rajasthan

माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में पांच वर्ष से ज्यादा समय से बैठे सभी कार्मिकों को हटाने के दिए निर्देश

image description

शिक्षा मंत्री ने एक डीईओ को सस्पेंड तो दूसरे का डेपुटेशन निरस्त करने के दिए निर्देश
बीकानेर। शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में किसी भी स्तर का कार्मिक कुल पांच साल से ज्यादा यहां नहीं रुकना चाहिए। श्री दिलावर ने कुल पांच वर्षों से ज्यादा समय से यहां लगे हुए सभी कार्मिको को हटाने के निर्देश दिए। श्री दिलावर गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। दिलावर ने कहा कि शिक्षा निदेशालय में कोई भी फाइल या कागज कोई रोक कर बैठ गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होने कहा कि निदेशालय में कोई भी फाइल 15 दिन से ज्यादा रूकनी नहीं चाहिए। उन्होंने अब तक की सभी पेंडिंग फाइल का निस्तारण आगामी 45 दिन में करने के निर्देश दिए। साथ ही पेंडिंग फाइल्स की सूची भी आगामी तीन दिन में जयपुर भेजने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी डीपीसी समय पर हो और कोई भी डीपीसी पेंडिंग ना रहे।
एक डीईओ को सस्पेंड तो दूसरे का डेपुटेशन किया निरस्त
बैठक में ही शिक्षा मंत्री ने आदेशों की पालना में लापरवाही बरतने पर डीईओ (डीपीसी) श्री राकेश कुमार ढल्ला को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। साथ ही डीईओ (भर्ती) श्री किशन दान चारण का डेपुटेशन खत्म कर मूल स्थान पर भेजने के निर्देश दिए।
एक माह में 25 करोड़ पौधे लगाने का टारगेट, प्रति छात्र 10 और प्रति कार्मिक 15 पौधे प्रतिदिन लगाएंगे
शिक्षा मंत्री श्री दिलावर ने कहा कि मानसून के दौरान महीने भर पौधारोपण अभियान चलाकर कुल 25 करोड़ पौधे लगाएंगे। प्रत्येक विद्यार्थी प्रतिदिन 10 और स्कूल का प्रत्येक कार्मिक प्रतिदिन 15 पौधे लगाएगा। यानी महीने भर में प्रत्येक विद्यार्थी 300 और और प्रत्येक कार्मिक द्वारा कुल 450 पौधे लगाए जाएंगे। पौधे लगाने के लिए पंचायतीराज की चारागाह भूमि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए किसी भी देश में 422 पेड़ प्रति व्यक्ति होने चाहिए। लेकिन भारत में यह संख्या 28 पेड़ प्रति व्यक्ति और राजस्थान में यह 25 पेड़ प्रति व्यक्ति है। स्वस्थ रहने के लिए इसे बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। जबकि कनाडा में यह संख्या 10 हजार 163 पेड़ प्रति व्यक्ति और ऑस्ट्रेलिया में 3000 पेड़ प्रति व्यक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *