

इंदिरा गांधी नहर की नहरबंदी टली, फिलहाल पेयजल वितरण व्यवस्था यथावत
बीकानेर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग वृत्त बीकानेर के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना विभाग की ओर से प्रस्तावित नहरबंदी फिलहाल स्थगित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अप्रैल से नहरबंदी लागू की जानी थी, लेकिन अब इसे लगभग पांच दिन आगे बढ़ा दिया गया है। ऐसे में 12 अप्रैल से नहरबंदी प्रभावी नहीं होगी। सिंगरिया ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर विभाग से प्राप्त अद्यतन सूचना के अनुसार ही भविष्य में जल वितरण व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। वर्तमान स्थिति में पेयजल वितरण व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
