

स्वदेशी जागरण मंच एवं व्यापार उद्योग मंडल के संयुक्त तत्वावधान में प्रांत विचार वर्ग आयोजित
बीकानेर। स्वदेशी जागरण मंच, बीकानेर प्रांत एवं बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के संयुक्त तत्वावधान में प्रांत विचार वर्ग का आयोजन व्यापार उद्योग मंडल परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, उद्यमी, शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत, अभिनंदन तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्य वक्ता अजय पत्की ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन तथा भारतीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग को जन-जन तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक विचार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है, जिसे प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि व्यापार एवं उद्योग जगत देश की आर्थिक रीढ़ है। यदि व्यापारी वर्ग स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देगा और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करेगा, तो देश की अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी। इस अवसर पर सुभाष मित्तल, संजय जैन, संदीप बुढ़ानिया, जनक प्रसाद एवं हर्ष सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्वदेशी आंदोलन, स्थानीय उद्योगों के संवर्धन तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन स्वदेशी के प्रचार-प्रसार एवं भारतीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लेकर हुआ।
