

नित्यानंद सूरीश्वरजी को पद्मश्री अवार्ड घोषित होने पर गुरु वंदन, अभिनंदन व अनुमोदना
बीकानेर। जैन श्वेताम्बर तपागच्छ के जैनाचार्य गुरु आत्म वल्लभ पट्ट परम्परा के 77 वें पट्धर एवं पंजाब केसरी सम्मान से अलंकृत जैनाचार्य विजय वल्लभ सूरि समुदाय के वर्तमान गच्छाधिपति जैनाचार्य विजय नित्यानंद सूरीश्वरजी को भारत सरकार की ओर से गणतंत्र दिवस 2025 पर पदमश्री सम्मान देने की घोषणा पर मंगलवार को गुरुवंदन, अभिनंदन एवं अनुमोदना कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गंगा शहर की मिनी मांडोली में शांति गुरुदेव, देवी सरस्वती व पद्मावती की प्रतिमा की साक्षी श्री पद्म प्रभु जी ट्रस्ट एवं तपागच्छीय पौषधशाला के संयुक्त आयोजित कार्यक्रम में अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने जैनाचार्य के कट आउट चित्र का नमन करते हुए खुशी जाहिर की। पद्म प्रभु ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलम सिपानी ने कहा कि जैनाचार्य विजय नित्यानंद सूरीश्वरजी को भारत सरकार की ओर से पदमश्री अवार्ड की घोषणा से जैन धर्म व भगवान महावीर के सिद्धान्तों की प्रतिष्ठा हुई है।
