

19 अगस्त को मनेगी गोस्वामी तुलसीदास जयंती, 101 देवालयों में एक साथ होगा सुंदरकांड पाठ
बीकानेर। गोस्वामी तुलसीदास जयंती 19 अगस्त को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। जयंती के अवसर पर बीकानेर के 101 देवालयों में एक ही समय पर 101 मंडलियों द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। आयोजन के समन्वयक भंवर पुरोहित ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में बीकानेर के विभिन्न क्षेत्रों में पंचदिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की श्रृंखला में दूसरा मंगल मिलन समारोह रविवार, 9 अगस्त को रतनबिहारी पार्क स्थित बड़े हनुमानजी मंदिर में आयोजित होगा। समारोह में सरजूदासजी महाराज की उपस्थिति रहेगी। संयोजक नरेश पुरोहित ने बताया कि मंगल मिलन समारोह के दौरान सेवा सम्मान, परोपकार सम्मान, आध्यात्मिक मानस रत्न एवं मानस मंडली सम्मान प्रदान किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर भंवर पुरोहित के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विप्र फाउंडेशन जोन-1बी एवं सर्व कामगार सेवा संघ ने सामाजिक समरसता के इस आयोजन में सहभागिता प्रदान करने की सहमति दी।
