

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नाल में अग्नि सुरक्षा सप्ताह: विद्यार्थियों को दिए गए सुरक्षा के महत्वपूर्ण प्रशिक्षण
बीकानेर। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 3, नाल में 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के तहत 46 विंग, वायु सेना स्थल बीकानेर के अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों को आग के विभिन्न प्रकार, उसके कारणों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। अग्निशमन दल ने यह भी बताया कि अलग-अलग प्रकार की आग को बुझाने के लिए कौन-कौन से उपकरण उपयोग में लाए जाते हैं तथा उनका सही तरीके से प्रयोग कैसे किया जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों के सामने उपकरणों का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। टीम के सदस्य आर.के. गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराना नहीं चाहिए, बल्कि सूझबूझ से काम लेते हुए छोटी आग को बड़े हादसे में बदलने से रोकना चाहिए। उन्होंने यह भी समझाया कि अग्निशमन दल के पहुंचने तक सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर निकल जाना चाहिए और तुरंत बिजली जैसी सेवाओं की सप्लाई बंद कर देनी चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य दिलीप सिंह राजपुरोहित ने अग्निशमन टीम, वायु सेना स्थल के अधिकारियों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एयर कोमोडोर अमित कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वायु सेना द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक होते हैं, जो उन्हें आपात परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाते हैं।
