

नेत्रदान से जरूरतमंदों को मिलेगी नई रोशनी
बीकानेर। तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) गंगाशहर के सहयोग से स्वर्गीय जतना देवी बैद का मरणोपरांत नेत्रदान करवाया गया। इस पुनीत कार्य के माध्यम से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने का मार्ग प्रशस्त हुआ। तेयुप गंगाशहर के अध्यक्ष देवेन्द्र डागा ने बताया कि परिषद नेत्रदान के प्रति सदैव जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने का कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है, जो किसी के अंधकारमय जीवन को प्रकाशमय बना सकता है। प्रवीण बैद की प्रेरणा एवं तेयुप गंगाशहर के सहयोग से यह नेत्रदान संपन्न हुआ। परिवार की ओर से प्रमोद बैद, विनोद बैद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर महावीर फलोदिया ने रतन नेत्र ज्योति संस्थान के माध्यम से सरदार पटेल नेत्र कोष, बीकानेर से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
