Bikaner Bikaner District Rajasthan स्वास्थ्य जागरूकता

जिला अस्पताल में मातृ-शिशु सुविधाओं का विस्तार—डीएमएफटी से 1.5 करोड़ स्वीकृत, नए ओपीडी व लेबर रूम बनेंगे

जिला अस्पताल में मातृ-शिशु सुविधाओं का विस्तार—डीएमएफटी से 1.5 करोड़ स्वीकृत, नए ओपीडी व लेबर रूम बनेंगे
बीकानेर। विधायक जेठानंद व्यास की अभिशंसा पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) द्वारा राजकीय एसडीएम जिला चिकित्सालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। इस राशि से अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग ओपीडी, लेबर रूम, प्री-डिलीवरी रूम, पोस्ट-डिलीवरी रूम तथा 4 कॉटेज का निर्माण किया जाएगा, जिससे मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार आएगा। विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि जिला अस्पताल की सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीएमएफटी की बैठक में प्रस्ताव रखकर इसकी अभिशंसा की गई थी, जिसे जिला परिषद द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शीघ्र ही सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से शुरू कराया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने पर शहरी क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, पीबीएम अस्पताल पर पड़ने वाला भार भी कम होगा, जिससे समग्र स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *