

खारा औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआई डिस्पेंसरी शुरू करने पर हुई चर्चा
बीकानेर। जिला उद्योग संघ में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) एवं उद्योग संघ के पदाधिकारियों के मध्य श्रमिक कल्याण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा औद्योगिक क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईएसआईसी संयुक्त निदेशक प्रभारी जोधपुर नीरज कुमार शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी के.के. मीणा, ईएसआईसी बीकानेर शाखा प्रबंधक प्रवीण शर्मा, जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष अशोक सुराणा एवं सचिव वीरेंद्र किराडू उपस्थित रहे। बैठक के दौरान श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य जांच शिविरों की जानकारी साझा की गई। साथ ही श्रमिकों में ईएसआई योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं वंचित औद्योगिक क्षेत्रों में ईएसआई डिस्पेंसरी शुरू करने पर विस्तार से चर्चा हुई। नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के प्रावधानों के अनुसार कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े 40 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बीमित कर्मचारियों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल, जैसलमेर रोड स्थित परिसर में नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने खारा औद्योगिक क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में ईएसआई डिस्पेंसरी की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान में श्रमिकों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बीछवाल अथवा पीबीएम अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू ने कहा कि जिला उद्योग संघ सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से औद्योगिक इकाइयों में ईएसआई योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
