

धुरंधर बनी बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप की विजेता, रोमांचक फाइनल में टर्फ मास्टर को हराया
बीकानेर। स्व. घनश्याम बिस्सा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रथम बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप का खिताब धुरंधर टीम ने अपने नाम कर लिया। स्थानीय किशन गार्डन में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में धुरंधर ने टर्फ मास्टर को तीन रन से पराजित कर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए धुरंधर टीम ने निर्धारित आठ ओवर में 56 रन बनाए, जिसमें मो. सलमान ने सर्वाधिक 24 रनों का योगदान दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टर्फ मास्टर टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की, लेकिन तीन रन से मुकाबला हार गई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बी.डी. कल्ला रहे। विशिष्ट अतिथि मनमोहन व्यास, हेमंत शर्मा, मनीष कुमार जोशी एवं भरत पुरोहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज बिश्नोई ने की। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफियां और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में हर्षवर्धन जनागल को मैन ऑफ द फाइनल तथा बेस्ट बॉलर चुना गया, जबकि मो. सलमान को मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया। आयोजन समिति की ओर से विष्णुनारायण बिस्सा ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
