

प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट को प्रतिदिन चूरू-फतेहपुर मार्ग से चलाने की मांग
बीकानेर। जिला उद्योग संघ के उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा एवं संयुक्त सचिव श्यामसुन्दर सोनी ने गाड़ी संख्या 12403/12404 प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्रतिदिन बीकानेर-चूरू-फतेहपुर मार्ग से संचालित करने की मांग को लेकर केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री Arjun Ram Meghwal को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में यह सुपरफास्ट ट्रेन सप्ताह में तीन दिन झुंझुनूं-सादुलपुर-बीकानेर मार्ग से तथा चार दिन चूरू-रतनगढ़-बीकानेर मार्ग से संचालित की जा रही है। उद्योग संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि झुंझुनूं-सादुलपुर मार्ग से संचालन के दौरान रेलवे को अपेक्षित राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है तथा बीकानेर से चूरू तक यात्रा करने वाले अधिकांश यात्री भी इस ट्रेन का उपयोग नहीं करते, क्योंकि इस मार्ग पर यात्रा में अधिक समय लगता है और किराया भी अपेक्षाकृत अधिक पड़ता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि झुंझुनूं-सादुलपुर मार्ग से प्राप्त होने वाले राजस्व की पुष्टि रेलवे के रिकॉर्ड से की जा सकती है। संघ ने मांग की कि ट्रेन को प्रतिदिन बीकानेर-चूरू-फतेहपुर मार्ग से संचालित किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। पदाधिकारियों ने कहा कि इस रूट पर ट्रेन के नियमित संचालन से बीकानेर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, यात्रा समय में कमी आएगी तथा ट्रेन को पर्याप्त यात्रीभार भी प्राप्त होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करवाने का आग्रह किया।
