

मुआवजा देने की मांग उठाई
बीकानेर। नोखा विधानसभा क्षेत्र सहित राजस्थान के कई जिलों में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश ने किसानों की रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी फसल जहां पूरी तरह नष्ट हो गई है, वहीं कई स्थानों पर कटाई के बाद खेतों में पड़ी फसल भी खराब हो गई। कई इलाकों में किसानों की पूरी फसल चौपट हो जाने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोखा विधायक सुशीला डूडी ने राज्य सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और कृषि विभाग के प्रमुख शासन सचिव को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल ‘7डी रिपोर्ट’ तैयार करवाने की मांग की है, ताकि फसल नुकसान का सही आकलन किया जा सके। अपने पत्र में उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाया जाए, जिससे किसानों को इस संकट की घड़ी में राहत मिल सके। विधायक डूडी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिलना बेहद आवश्यक है, ताकि वे आर्थिक नुकसान से उबर सकें।
