

ई-बस संचालन में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
बीकानेर। सर्व कामगार सेवा संघ, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष भंवर पुरोहित के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनिचामी को ज्ञापन सौंपकर ई-बसों के संचालन में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की। भंवर पुरोहित ने बताया कि राज्य स्तर पर ई-बस संचालन के लिए 209 पदों पर भर्ती हेतु प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है। इन पदों में विभिन्न कैडर शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि इन भर्तियों में शहर के योग्य युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि शिक्षित बेरोजगारों को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है, तो इससे न केवल बेरोजगारी में कमी आएगी, बल्कि शहर के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने से आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश चंद्र उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री आर.एस. हर्ष, प्रदेश मंत्री धन्नादास, सुभाष पुरोहित, देवकिशन स्वामी, जगदीश शर्मा, विजय, भागीरथ सहित प्रदेश व जिले के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
