

स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बीकानेर। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारहगुवाड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में द्वितीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा, स्वच्छता, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विनीता तंवर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग और सामूहिक कार्य करने की भावना को मजबूत बनाते हैं। रंजन सर्वा एवं माया शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के अंतर्गत रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया।
