

कांग्रेस ने की रणनीति बैठक
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर 30 जून को प्रस्तावित पीबीएम सुधारो आंदोलन एवं जिला कलेक्ट्रेट घेराव को सफल बनाने के लिए शहर कांग्रेस की बैठक धरणीधर सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने की।
बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीकानेर आगमन एवं प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वार्ड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं ब्लॉक अध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में निर्णय लिया गया कि आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए प्रत्येक वार्ड से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पदाधिकारियों से संगठन स्तर पर जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं एवं आमजन को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर यशपाल गहलोत, गजेंद्र सिंह सांखला, मकसूद अहमद, कमल कल्ला, माशूक अहमद, हजारीमल देवड़ा, आनंद जोशी सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
