

जलाशय निर्माण में देरी पर कांग्रेस का हमला, आनंद जोशी ने दी आंदोलन की चेतावनी
बीकानेर। शहर में जल संकट को लेकर कांग्रेसी नेता आनंद जोशी ने राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा स्वीकृत किए गए जलाशय परियोजनाओं को वर्तमान भाजपा सरकार के भ्रष्ट तंत्र ने अधूरा छोड़ दिया है, जिससे आज आमजन को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जोशी ने कहा कि यदि ये जलाशय समय पर बनकर तैयार हो जाते तो शहरवासियों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना नहीं पड़ता और टैंकर माफिया भी हावी नहीं होता। उन्होंने बताया कि महादेव इंफ्रा द्वारा चकगरबी और बीछवाल क्षेत्र में जलाशय निर्माण तथा ऑफशोर डिस्ट्रीब्यूशन टंकी का कार्य किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 485 करोड़ रुपये है। उन्होंने आरोप लगाया कि मई 2022 में शुरू हुआ यह कार्य वर्ष 2024 तक पूरा होना था, लेकिन भाजपा के मंत्री और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण अब तक केवल लगभग 60 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों ने मनमर्जी से पाइपलाइन बिछाने का काम किया है और संबंधित फर्मों के खिलाफ न तो कोई पेनल्टी लगाई गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। आनंद जोशी ने चेतावनी दी कि यदि जलदाय विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
