

गौशालाओं का किया औचक निरीक्षण
बीकानेर। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला, बीकानेर तथा नंदनवन गौशाला, दियातरा का औचक निरीक्षण कर लम्पी स्किन रोग की रोकथाम एवं टीकाकरण अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. बीरमाराम, डॉ. राजेश हर्ष एवं मुकेश यादव भी मौजूद रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दोनों गौशालाओं में गौवंश के लम्पी रोग टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। गौशाला अध्यक्षों ने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम द्वारा गौशालाओं में मौजूद सभी गौवंश का टीकाकरण पूर्ण कर दिया गया है तथा पशुओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। गंगा जुबली ने पिंजरा प्रोल गौशाला में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में स्वच्छता बनाए रखना लम्पी सहित अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक है। उन्होंने आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर बीमार अथवा संदिग्ध पशुओं को अलग रखने की व्यवस्था भी परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश को गुड़ खिलाया तथा गौशाला संचालकों से पशुओं के चारे, पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालन विभाग एवं गौशाला प्रबंधन को समन्वय के साथ कार्य करते हुए लम्पी रोग की रोकथाम के लिए सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई जारी रखने का आह्वान किया।
