Bikaner Bikaner District

आमजन ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, वितरित किए तुलसी के पौधे

आमजन ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, वितरित किए तुलसी के पौधे
बीकानेर। ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ का जिला स्तरीय कार्यक्रम गुरुवार को आरएसी की 10वीं बटालियन के परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा सचिव तथा जिला प्रभारी सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने कहा कि प्रकृति हमें भोजन, पानी, हवा और जीवन के लिए सभी आवश्यक चीजें देती हैं। दुर्भाग्यवश बदले में हम प्रकृति को लगातार दूषित करते जा रहे हैं, इससे आज हम खतरे में आ गए हैं। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में प्रदेश भर में 15 दिनों का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान आमजन को जागरूक करने के विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रभारी सचिव ने कहा कि प्रकृति को सुरक्षित करने के लिए छोटी-छोटी पहल किया जाना जरूरी है। हम अधिक से अधिक पौधे लगाकर तथा उनका संरक्षण कर, बूंद-बूंद पानी बचाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने बीकानेर द्वारा गत वर्ष किए गए पौधारोपण कार्यों की सराहना की और कहा कि इस वर्ष भी मिशन मोड पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं तथा इनके संरक्षण का संकल्प लिया जाए।
महानिरीक्षक पुलिस श्री ओमप्रकाश ने कहा कि आज हमारी पृथ्वी प्लास्टिक और प्लास्टिक के उत्पादों से लद गई है। ऐसे में हमारा दायित्व है कि हम प्रकृति के मूल स्वरूप को बनाए रखने में भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर अथवा खुले स्थान पर पौधे लगाने का संकल्प ले, जिससे प्रकृति का संतुलन बना रहे। उन्होंने परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण एवं प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री आशीष मोदी, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता, बीएसएफ के उप महानिरीक्षक अजय लूथरा, कमांडेंट श्री एन एम शर्मा बतौर अतिथि मौजूद रहे।
इससे पहले राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजकुमार मीणा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर भरत रंग मंडल द्वारा श्री भरत राजपुरोहित के नेतृत्व में प्लास्टिक का तांडव नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक के कारण होने वाले नुकसान और बचाव का संदेश दिया। वीणा नृत्य अकादमी द्वारा नमामि गंगे नृत्य की प्रस्तुति दी गई। अतिथियों ने तुलसी के 501 पौधे तथा कपड़ों के थैले एवं 101 हेलमेट वितरण किए। प्रभारी सचिव ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा पौधारोपण किया।  इस दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक श्री सीताराम जाट, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, उपवन संरक्षक श्री एस शरथ बाबू, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री जसवंत सिंह, अतिरिक्त शिक्षा निदेशक श्री गोपाल राम बिड़दा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) श्री रमेश देव सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *