

23वीं राज्य स्तरीय एमटीवी साइक्लिंग प्रतियोगिता में बीकानेर विजेता
बीकानेर। राजस्थान साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में ओवरब्रिज के पास ट्रैक पर 23वीं राज्य स्तरीय एमटीवी साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मदन लाल ने प्रथम ग्रुप के खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एसोसिएशन के शैलेष पेड़ीवाल एवं उपाध्यक्ष मोहित बैद ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन सुखीजा ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग के लिए पुलिस विभाग, मेडिकल विभाग एवं कोचेज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बीकानेर टीम ने 22 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। हनुमानगढ़ की टीम 13 अंकों के साथ उपविजेता रही, जबकि बाड़मेर ने 10 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
