

बीकानेर सेवा योजना ने गौशाला में गोवंश की प्यास बुझाई
बीकानेर। बीकानेर सेवा योजना द्वारा गुरुवार को नाल रोड स्थित स्याऊ बाबा गौशाला में जनसहयोग से खाली पड़ी खेलियों और प्लास्टिक निर्मित टंकियों को भरकर गोवंश की प्यास बुझाने का सराहनीय कार्य किया गया। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार व्यास को एक गौभक्त राहगीर का फोन प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि खेलियां खाली हैं और आसपास बड़ी संख्या में गोवंश पानी के इंतजार में खड़े हैं। सूचना मिलते ही व्यास ने तुरंत टैंकर की व्यवस्था की और आधे घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर खेलियों में पानी भरवाकर गोवंश की प्यास बुझाई। उल्लेखनीय है कि बीकानेर सेवा योजना पिछले सात वर्षों से गर्मी के महीनों में जनसहयोग से इस पुनीत सेवा कार्य को निरंतर संचालित कर रही है। इस सेवा कार्य में सूर्यप्रकाश सेवग और अजीत सिंह नसीरुद्दीन शेख और मुकेश जोशी का सहयोग रहा।
