

तिरंगा बाइक रैली से गूंजा बीकानेर, विधायक ने दिखाई हरी झंडी
बीकानेर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय पर तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। विधायक जेठानंद व्यास ने अंबेडकर सर्किल से तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली अंबेडकर सर्किल से मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, सर्किट हाउस एवं पब्लिक पार्क होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम के संदेशों के साथ आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। रैली के पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह नजर आया। रैली में शैलजा पांडेय, श्याम पंचारिया, चक्रवर्ती सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ऋतुराज महला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं शहरवासियों ने सहभागिता की। महावीर रांका, राजेंद्र पंवार, श्याम सिंह हाडला, दिलीप सिंह आडसर, किशन चौधरी, सरिता नाहटा, अमित तंवर, रामकुमार व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन
जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 11 एवं 12 अगस्त को जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ‘तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले’ का आयोजन होगा। इसमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय उत्पादों से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 13 एवं 14 अगस्त को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में ‘विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ आयोजित होगी। इसके साथ ही जिला एवं पंचायत स्तर पर विभाजन विषयक प्रदर्शनियों एवं फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख स्थानों पर ‘तिरंगा कैनवास’ स्थापित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। जिले के प्रमुख स्मारकों, सरकारी भवनों एवं अन्य प्रमुख इमारतों को तिरंगा रोशनी से सजाया जाएगा।
