

22 अप्रैल को बार काउंसिल चुनाव—3166 मतदाता करेंगे मतदान, तैयारियां पूर्ण
बीकानेर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव-2026 के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र पाल शर्मा की अध्यक्षता में समस्त निर्वाचन कार्मिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि 22 अप्रैल को मतदान प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बीकानेर में कुल तीन मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों का विभाजन भी किया गया है। मतदान केंद्र संख्या 1 पर निर्वाचन क्रमांक 2230 से 47903 तक, केंद्र संख्या 2 पर 47926 से 102165 तक तथा केंद्र संख्या 3 पर 102177 से 136478 तक के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में कुल 3166 मतदाता मतदान करेंगे, जबकि 234 प्रत्याशी मैदान में हैं।
निर्वाचन कार्य के संचालन के लिए 45 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें 27 अधिवक्ता, 12 न्यायालय कर्मचारी (जिला न्यायालय द्वारा प्रदत्त) तथा 6 राज्य सरकार के कर्मचारी (जिला निर्वाचन अधिकारी/कलेक्टर द्वारा नियुक्त) शामिल हैं। चुनाव में महिमा कासना को पर्यवेक्षक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन सुरेन्द्र पाल शर्मा द्वारा किया जाएगा। बैठक में प्रमुख प्रत्याशी कुलदीप शर्मा, कमल नारायण पुरोहित, लक्ष्मीकांत रंगा एवं सुनीता दीक्षित भी उपस्थित रहे। सभी ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, सचिव हेमंत सिंह चौहान सहित कई अधिवक्तागण और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
