

हाथकरघा एवं वस्त्र प्रौद्योगिकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित
बीकानेर। भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, जोधपुर में त्रिवर्षीय (6 सेमेस्टर) हाथकरघा एवं वस्त्र प्रौद्योगिकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 के लिए प्रथम वर्ष तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा ने बताया कि राज्य कोटे के अंतर्गत प्रथम वर्ष के लिए 19 तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) के लिए 7 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम 35 प्रतिशत अंकों के साथ माध्यमिक अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा अध्ययन के विषयों में अंग्रेजी शामिल होना चाहिए। उन्होंने बताया कि द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी को भौतिकी, रसायन एवं गणित विषयों के साथ 10+2 उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके अलावा वोकेशनल स्ट्रीम में टेक्सटाइल विषय सहित 10+2 अथवा 10वीं के बाद दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। महाप्रबंधक ने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को 15 से 23 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 2 वर्ष की छूट दी गई है। वहीं द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 27 वर्ष निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार प्रवेश में आरक्षण का प्रावधान रहेगा। साथ ही बुनकर समुदाय के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित 10 जून 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, न्यू पावर हाउस रोड, मिनी उद्योग भवन, जोधपुर में जमा करवा सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
