

एनीमिया जांच व जागरूकता शिविर की शुरुआत
बीकानेर। बालिकाओं में एनीमिया की समस्या को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स द्वारा सोमवार को राउमावि पवनपुरी दक्षिण विस्तार, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय हाउसिंग बोर्ड बीकानेर में “एनीमिया प्रीवेंशन एंड अवेयरनेस कैंप“ का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह शिविर पूरे वर्षभर शहर की विभिन्न बालिकाओं तक पहुंचेगा। शुभारंभ शिविर में 100 बालिकाओं की रक्त जांच की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने इस सेवा अभियान का उद्घाटन करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का हीमोग्लोबिन स्तर 12 से नीचे नहीं जाना चाहिए। यदि यह स्तर 10 से नीचे पहुंच जाए तो यह शरीर के लिए गंभीर चेतावनी है, विशेषकर बालिकाओं के लिए, जिनके शरीर में हार्मोनल परिवर्तनों के दौरान रक्त की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण होती है।
शिविर संयोजक मनीष चमड़िया और विनोद माली ने बताया कि विद्यालय की दोनों पारियों की बालिकाओं की जांच की गई और उनके हीमोग्लोबिन स्तर की जानकारी दी गई। यह रिपोर्ट विद्यालय की प्रधानाचार्य रचना गुप्ता व शिक्षक रवि आचार्य को सौंपी गई ताकि अभिभावकों तक सटीक जानकारी पहुंचे।
