

परिवारों को जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल
बीकानेर। शहर में परिवारों के बीच बढ़ती दूरियों को कम करने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 15 मई 2026 को भ्रमण पथ, बीकानेर में एक विशेष आयोजन “रिश्तों की राह – परिवार संग कदम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन, बीकानेर द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल एक साधारण पैदल यात्रा नहीं, बल्कि परिवारों को एक-दूसरे के साथ समय बिताने, आपसी संवाद बढ़ाने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का एक सार्थक प्रयास है। आधुनिक डिजिटल युग में जहां परिवारों के सदस्य मोबाइल और सोशल मीडिया के कारण एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं, वहीं यह आयोजन “चलें दो कदम, अपनों के संग” के संदेश के माध्यम से रिश्तों में अपनापन और संवाद बढ़ाने का कार्य करेगा। कार्यक्रम में शहर के 500 से अधिक परिवारों के भाग लेने की संभावना जताई जा रही है। इसमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ शामिल होकर पारिवारिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देंगे। आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के लिए मनोरंजक गतिविधियों, विशेष प्रतियोगिताओं तथा आकर्षक पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे यह आयोजन उत्सव का रूप लेगा।
