

वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, राजनीतिक भागीदारी सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर रोड शो के बाद वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से आत्मीयता के साथ संवाद करते हुए समाज एवं संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा संगठन में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल में गणेश बोथरा, शिखरचंद डागा, मनीष बाफना एवं राजेश बैद शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई है। पार्टी संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की अपनी विशिष्ट पहचान है तथा मेहनत, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल से आगामी चुनाव में संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने तथा भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के लिए समर्पण एवं निष्ठा के साथ किया गया कार्य व्यक्ति को सर्वोच्च दायित्व तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रमेश भाटी सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात को समाज एवं भाजपा संगठन के बीच समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया।
