Bikaner Bikaner District Rajasthan

विकास कार्यों में तेजी और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त से की मुलाकात

विकास कार्यों में तेजी और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त से की मुलाकात
बीकानेर। शहर में चल रहे विकास कार्यों एवं सफाई व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मोहन सुराणा के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कार्यों को शीघ्र शुरू करवाने और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त को बताया कि कई क्षेत्रों में विकास कार्य स्वीकृत होने के बावजूद अब तक प्रारंभ नहीं हो पाए हैं, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। भाजपा नेता मोहन सुराणा ने कहा कि कई वार्डों में ट्रैक्टर एवं सफाई वाहन समय पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए नालों की समय पर सफाई अत्यंत आवश्यक है, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग भी रखी। इस पर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अजय खत्री, प्रकाश मेघवाल, नरेंद्र सिंह आबडसर, धर्मपाल डूडी, मांगीलाल बिश्नोई, सुनील कश्यप, राजू जीनगर एवं बाबूराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *