

तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के विरोध में व्यापार-उद्योग मंडल ने केंद्र से हस्तक्षेप की मांग की
बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर हड़ताल स्थगित करवाने की मांग की है। मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने से व्यापार एवं उद्योग जगत को अनेक व्यावहारिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि हड़ताल के चलते भुगतान एवं प्राप्तियों में देरी, चेक क्लियरेंस प्रभावित होने, कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) का चक्र बाधित होने, सप्लायरों को भुगतान में विलंब तथा माल की खरीद एवं आपूर्ति में व्यवधान जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
राठी ने कहा कि 30 सितंबर को होने वाली अर्धवार्षिक बैंक क्लोजिंग (Half-Yearly Closing) के समय प्रस्तावित हड़ताल होने के कारण इसका प्रभाव और अधिक गंभीर हो सकता है। इससे व्यापारिक लेन-देन के साथ उद्योगों की नियमित वित्तीय गतिविधियां भी प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि बैंक कर्मचारी संगठनों एवं संबंधित पक्षों के साथ तत्काल वार्ता कर समाधान निकाला जाए, ताकि बैंकिंग सेवाएं सुचारू रहें और व्यापार एवं उद्योग जगत को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
