

वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा का नोखा में स्वागत, अपना घर आश्रम में सेवा कार्य
बीकानेर। ‘जल एवं जन सेवा अभियान’ के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए निकली सेवा यात्रा का नोखा पहुंचने पर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अगुवाई में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। यह यात्रा सेवा गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता का संदेश लेकर विभिन्न क्षेत्रों से गुजर रही है। यात्रा के नोखा पहुंचने पर अपना घर आश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गुजरात से यात्रा में शामिल होकर आए सदस्यों ने आश्रम के आश्रितों को भोजन परोसकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण का संदेश दिया गया। इसके बाद यात्रा का जांगलू में भी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया। यहां गौशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौसेवा की गई। यात्रा में शामिल सदस्यों ने विभिन्न सेवा गतिविधियों में भाग लेते हुए सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर बिहारीलाल बिश्नोई, जिला महामंत्री कैलाश बिश्नोई, मुरली सैन, निशांत गौड़, जैना महाराज सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
