

मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में 77वां वन महोत्सव, 1000 से अधिक पौधे रोपे
बीकानेर। जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव एवं ‘एक पेड़ माँ यशोदा के नाम’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण एवं वन संरक्षण का संदेश देते हुए 1000 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओम प्रकाश रहे। इस अवसर पर आईजीएनपी आयुक्त नवनीत कुमार एवं जिला कलेक्टर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन विभाग के अंतर्गत बीकानेर जिले के प्रभारी एवं मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ), जयपुर आर.के. खैरवा ने की। मुख्य वन संरक्षक आर.के. खैरवा ने वन महोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में किए जा रहे पौधरोपण से आने वाले दिनों में यहां हरित वातावरण विकसित होगा और वन्यजीवों की दहाड़ सुनाई देगी। उन्होंने कहा कि यहां लगाए जा रहे पौधे भविष्य में वन्य प्राणियों के लिए प्राकृतिक आवास एवं अनुकूल पर्यावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
