

पितृपक्ष में भगवान शंकर का 36 घंटे तक होगा औषधीय जलाभिषेक
बीकानेर। मानस परिवार समिति की ओर से पितृपक्ष के अवसर पर श्रीमद्रामचरितमानस के अखंड पाठ के साथ भगवान शंकर का 36 घंटे तक सहस्र औषधीय जलाभिषेक किया जाएगा। दो दिवसीय यह अनुष्ठान 3 व 4 अक्टूबर को नवलेश्वर मठ, विवेकनाथजी बगीची, नत्थूसर बास में आयोजित होगा। आयोजन से जुड़े नरेश पुरोहित ने बताया कि योगी शिव सत्यनाथ महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर भंवर ओझा, शिवनारायण जोशी, महेन्द्र चूरा, भंवर पुरोहित, गणेश पंवार, जोगेन्द्र श्रीमाली, शिव सोलंकी, कमल सांखला, गजानंद शर्मा, महावीर शर्मा, रामरतन पुरोहित सहित अन्य उपस्थित रहे। शंकर चूरा ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान रामचरितमानस के विभिन्न कांडों के अनुसार भगवान शंकर को विशेष पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी। अरण्यकांड में शमी पत्र, किष्किन्धाकांड में सफेद व लाल कनेर के पुष्प तथा सुंदरकांड में बिल्वपत्र अर्पित किए जाएंगे।
