

राजराजेश्वरी बाला त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में हुआ सहस्रधारा अभिषेक
बीकानेर। सावन मास के पावन अवसर पर श्री राजराजेश्वरी बाला त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में भगवान महादेव का सहस्रधारा अभिषेक श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पंडित सिद्धार्थ पुरोहित के आचार्यत्व में आयोजित अभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का विभिन्न पवित्र द्रव्यों से अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर शिवभक्ति और मंत्रोच्चारण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। अभिषेक के पश्चात भगवान शिव को छप्पन भोग अर्पित किया गया। बाबू पणिया ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। मंदिर परिसर में सावन मास के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण का अनुष्ठान भी जारी है। अब तक एक लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जा चुका है। महाआरती में बृज गोपाल पुरोहित, शशिकुमार व्यास, श्रीनारायण आचार्य, रामकुमार पुरोहित, मनोज रंगा, रमेश हर्ष, रमेश बाबा, रामचंद्र व्यास, हरिनारायण सारस्वत, हरिप्रकाश हर्ष, चंद्रशेखर जोशी, रंगा श्री, भानु पणिया, शिव कुमार व्यास, शुभम व्यास सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
