Bikaner Bikaner District Rajasthan

जल उपभोक्ता अब घर बैठे कर सकेंगे पानी के बिल का भुगतान

जल उपभोक्ता अब घर बैठे कर सकेंगे पानी के बिल का भुगतान
बीकानेर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर वृत्त बीकानेर ने शहर के समस्त जल उपभोक्ताओं के लिए पानी के बिल का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध करवाई है। अब उपभोक्ता फोनपे (PhonePe) ऐप के माध्यम से घर बैठे किसी भी समय अपने पानी के बिल की बकाया राशि का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।
अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि जानकारी के अभाव में अनेक उपभोक्ता अभी इस सुविधा का पर्याप्त लाभ नहीं ले पा रहे हैं और उन्हें जलदाय विभाग के कार्यालय अथवा ई-मित्र केंद्र पर जाकर बिल की राशि जमा करवानी पड़ती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की।
बिल प्राप्त नहीं होने पर भी ऑनलाइन देख सकेंगे बकाया राशि
अधीक्षण अभियंता चारण ने बताया कि प्रत्येक जल उपभोक्ता का पानी का बिल सामान्यतः द्विमासिक जारी किया जाता है। कई बार किसी कारणवश उपभोक्ता को बिल समय पर प्राप्त नहीं हो पाता अथवा उसकी भौतिक प्रति नहीं मिलती। ऐसी स्थिति में भी संबंधित उपभोक्ता के खाते में दर्ज बकाया राशि ऑनलाइन उपलब्ध रहती है। उपभोक्ता अपनी उपभोक्ता आईडी के माध्यम से फोनपे पर बकाया राशि देख सकता है तथा निर्धारित राशि का ऑनलाइन भुगतान कर सकता है। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा से उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालय अथवा ई-मित्र केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय, श्रम एवं अनावश्यक आवागमन से बचाव होगा। साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने से जल शुल्क संग्रहण व्यवस्था अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी। अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बीकानेर शहर के समस्त जल उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें और अपने जल बिल का भुगतान निर्धारित समय पर ऑनलाइन करें। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य जल उपभोक्ताओं को सरल, सुगम, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *