

सद्भावना दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित
बीकानेर। बिनानी गर्ल्स कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में सद्भावना दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शांति, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे एवं सद्भावना की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें अपने विचारों की प्रभावी अभिव्यक्ति के लिए मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्राचार्या डॉ. अरुणा आचार्य थीं। विशिष्ट अतिथि बिट्ठल बिस्सा ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए युवाओं में सकारात्मक सोच, आपसी सद्भावना, सहिष्णुता एवं राष्ट्रीय एकता की भावना का होना आवश्यक है। विचार गोष्ठी में वंशिका, आशा, ललिता, सोनिया, भाव्या मारू, सपना एवं हरसिद्धि सहित अन्य छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर रामकुमार व्यास, सीमा बिस्सा एवं रिचा जोशी सहित कॉलेज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
