

कैंसर की महंगी दवाओं की दिल्ली में बिक्री के मामले में कांग्रेस ने मांगी उच्चस्तरीय जांच
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पीबीएम अस्पताल में कैंसर उपचार में उपयोग होने वाली महंगी दवाओं की दिल्ली में बिक्री के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ज्ञापन में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और दवा प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा गया कि पिछले काफी समय से पीबीएम अस्पताल में कैंसर उपचार में उपयोग होने वाली महंगी दवाओं के दिल्ली में बेचे जाने से जुड़ा मामला सामने आया है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह गंभीर विषय है और इसकी गहनता से जांच आवश्यक है। ज्ञापन में मांग की गई कि अस्पताल से दवाओं की निकासी, वितरण एवं उपयोग की पूरी प्रक्रिया की जांच की जाए तथा यह पता लगाया जाए कि नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर और किन परिस्थितियों में हुआ। साथ ही मामले में जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर प्रहलाद सिंह मार्शल, मदनगोपाल मेघवाल, मकसूद अहमद, यशपाल गहलोत सहित कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
