Bikaner Bikaner District India Jaipur Rajasthan

सब्जी उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान

टमाटर सहित बेल वाली फसलों के लिए सपोर्ट सिस्टम पर सरकार देगी सहायता
बीकानेर। किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर सब्जी उत्पादन बढ़ाने के लिए मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (राष्ट्रीय बागवानी मिशन) के तहत सपोर्ट सिस्टम स्थापित करने पर सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है। उप निदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य आधुनिक एवं उन्नत तकनीक के माध्यम से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देना है। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि योजना के तहत सपोर्ट सिस्टम की इकाई लागत 20 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। इस लागत पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान देय होगा। एक लाभार्थी किसान को न्यूनतम 0.40 हेक्टेयर से अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र तक प्रोरेटा बेसिस पर अनुदान का लाभ दिया जा सकेगा। जिले में कृषक श्रेणीवार कुल 150 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अनुदान टमाटर तथा बेल वाली फसलों जैसे खीरा, लौकी, तोरई, करेला और टिंडा के लिए दिया जाएगा। सपोर्ट सिस्टम से फसलों के पौधों को उचित सहारा मिलता है, जिससे उनका बेहतर विकास होने के साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। अधिकारियों ने बताया कि सब्जी उत्पादन में आधुनिक तकनीक का उपयोग किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *