

1008 कमल पुष्पों से हुआ भगवान शिव का सहस्र कमलार्चन
बीकानेर। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर नत्थूसर बास स्थित श्री नवलेश्वर मठ सिद्धपीठ विवेकनाथ की बगेची में योगी शिवसत्यनाथ महाराज के सान्निध्य में भगवान शिव का विशेष पूजन-अर्चन एवं अभिषेक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर भगवान शिव का पंचामृत एवं दिव्य औषधियों से अभिषेक किया गया। इसके साथ ही 1008 कमल पुष्पों से सहस्र कमलार्चन तथा शिव सहस्रनाम के मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अभिषेक संपन्न हुआ। पूरे अनुष्ठान के दौरान बगेची परिसर शिव भक्ति के जयघोष एवं मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा। अनुष्ठान पंडित गौरव बोहरा एवं लोकेश शर्मा ने विधि-विधानपूर्वक संपन्न करवाया। नंदकिशोर गहलोत ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर रामकुमार पुरोहित, शिव गहलोत, मोहित सुथार, दिनेश सांखला, कन्हैयालाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
