

नए कक्षा-कक्षों व हाई-टेक साइंस लैब का लोकार्पण
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के छह नवीन कक्षा-कक्षों एवं अत्याधुनिक साइंस लैब का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। नौ भामाशाहों के सहयोग से करीब ₹1 करोड़ की लागत से निर्मित इन सुविधाओं का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया। इसके बाद प्राचार्य प्रो. मनोज दीक्षित ने अतिथियों के साथ महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि अच्छे खेत में बोया गया बीज और सुपात्र को दिया गया दान कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में दिया गया यह सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा आधुनिक भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। प्रो. मनोज दीक्षित ने यूजीसी की नई शिक्षा नीति की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं रामगोपाल सुथार ने राज्य सरकार की उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास डिप्लोमा योजनाओं की जानकारी देते हुए सामाजिक विकास में भामाशाहों के योगदान की सराहना की। समारोह में डॉ. उमाकांत गुप्त, लक्ष्मीनारायण सोमानी, देवीप्रसाद मूंधड़ा, श्याम महर्षि सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर भामाशाह श्रीगोपाल राठी, श्याम सुंदर आर्य, भंवरलाल भोजक, ताराचंद इंदौरिया, सत्यनारायण मूंधड़ा, सत्यनारायण योगी, महावीर प्रसाद माली, विजय महर्षि, सरस्वती देवी राठी, अंजू पारख, पवन राठी, वसुधा बाहेती, दुर्गा देवी सोनी, संजूदेवी तापड़िया, पायल शर्मा, सत्यदीप, बजरंग शर्मा, मदन सैनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
