

यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर उद्योग संघ ने जिला कलक्टर को दिए सुझाव
बीकानेर। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने तथा मुख्य सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए जिला कलक्टर से मुलाकात कर विभिन्न सुझाव दिए। पचीसिया ने बताया कि शिव वैली से गोगागेट स्थित पशु चिकित्सालय तक प्रस्तावित 60 फीट चौड़े मार्ग का निर्माण होने से रानीबाजार और गंगाशहर के बीच छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे गोगागेट-गंगाशहर मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा। उन्होंने बताया कि रानीबाजार पुलिया से औद्योगिक क्षेत्र तक जाने वाला वर्तमान मार्ग संकरा और घुमावदार है, जहां बड़े यात्री वाहनों एवं भारी औद्योगिक वाहनों के आवागमन के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। उन्होंने सुझाव दिया कि रानीबाजार पुलिया से पट्टी पेड़े होते हुए औद्योगिक क्षेत्र तक मार्ग को विकसित कर यातायात को डायवर्ट किया जाए, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुचारु हो सके। इस दौरान वीरेंद्र किराड़ू एवं शुभम लड्ढा भी उपस्थित रहे।
