

तेरापंथ युवक परिषद् के निर्विरोध अध्यक्ष बने विक्रम मालू
बीकानेर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशानुसार तेरापंथ युवक परिषद्, श्रीडूंगरगढ़ के सत्र 2026-27 के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया के अंत में विक्रम मालू को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। निर्वाचन के दौरान कुल पाँच नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक नामांकन पत्र वैध नहीं पाया गया। इसके बाद चमन श्रीमाल, दीपक छाजेड़ एवं प्रदीप मालू ने अपने-अपने नामांकन वापस ले लिए। नामांकन वापसी के उपरांत केवल विक्रम मालू का नामांकन शेष रहने पर उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात चुनाव अधिकारी मनोज पारख एवं सहयोगी विजय बोथरा ने विक्रम मालू के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर पीयूष बोथरा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि वे परिषद् की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए सेवा, संस्कार और संगठन की भावना के साथ सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य करेंगे।
