

पंचायत व नगर निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर सत्याग्रह
बीकानेर। राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के आह्वान पर श्रीडूंगरगढ़ में पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग को लेकर सत्याग्रह आयोजित किया गया। इसमें संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर स्थानीय निकाय चुनाव जल्द घोषित करने की मांग उठाई। सत्याग्रह के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराए जाएं। संगठन के अरविंद बाग ने कहा कि चुनाव नहीं होने से आम नागरिकों की आवाज प्रभावी ढंग से शासन तक नहीं पहुंच पा रही है। हरीराम बाना ने कहा कि पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं और इन्हें समय पर कराया जाना आवश्यक है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि यदि श्रीडूंगरगढ़ में जल्द ट्रॉमा सेंटर शुरू नहीं किया गया और पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों की तत्काल घोषणा नहीं की गई, तो कांग्रेस जनआंदोलन शुरू करेगी। सत्याग्रह में राधेश्याम सिद्ध, भगवाननाथ सिद्ध, श्रीकृष्ण गोदारा, शिवराज गोदारा, बाबूलाल गोदारा, रमेश प्रजापत सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
