Bikaner Bikaner District Rajasthan साहित्य एवं कला

रोटरी क्लब ने राजस्थानी साहित्य पुरस्कारों के लिए आमंत्रित किए आवेदन

रोटरी क्लब ने राजस्थानी साहित्य पुरस्कारों के लिए आमंत्रित किए आवेदन
बीकानेर। रोटरी क्लब, बीकानेर ने राजस्थानी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों के लिए राज्य स्तरीय साहित्य पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। क्लब अध्यक्ष रोटे. प्रवीण गुप्ता ने बताया कि विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट साहित्य सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष ये पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि ‘कला-डूंगर कल्याणी राजस्थानी शिखर पुरस्कार’ के तहत 51 हजार रुपये की राशि राजस्थानी साहित्यकार के संपूर्ण व्यक्तित्व एवं कृतित्व के आधार पर प्रदान की जाएगी। इसके अलावा ‘खीवराज मुन्नीलाल सोनी राजस्थानी गद्य पुरस्कार’ के तहत 25 हजार रुपये की राशि कहानी, नाटक, उपन्यास, यात्रा संस्मरण, रेखाचित्र, व्यंग्य, लघुकथा सहित अन्य गद्य विधाओं की पिछले 10 वर्षों में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ पुस्तक को दी जाएगी। इसी प्रकार ‘बृज-उर्मी अग्रवाल राजस्थानी पुरस्कार’ के तहत काव्य विधा की सर्वश्रेष्ठ पुस्तक के लिए 15 हजार रुपये, ‘सोमवर्षा राजस्थानी महिला साहित्यकार पुरस्कार’ के तहत गद्य या पद्य की किसी भी विधा की महिला साहित्यकार की सर्वश्रेष्ठ पुस्तक के लिए 11 हजार रुपये तथा ‘सुन्दरदेवी-तुलसीदास हर्ष राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार’ के अंतर्गत बाल साहित्य की सर्वश्रेष्ठ पुस्तक के लिए 7 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार समिति के संयोजक मनमोहन कल्याणी ने बताया कि इन पुरस्कारों के लिए भारत में कहीं भी निवास करने वाला राजस्थानी भाषा का साहित्यकार आवेदन कर सकता है। पुरस्कार हेतु प्रस्तावित पुस्तकें जनवरी 2016 से दिसंबर 2025 के बीच प्रकाशित होना आवश्यक है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। पुरस्कारों के नियम पूर्व वर्षों के अनुसार ही लागू रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *