

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न, बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ
बीकानेर। किशनी देवी पूनमचंद मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा स्वर्गीय श्रीमती किशनी देवी की स्मृति में पूगल रोड स्थित शिव धर्मकांटा के पीछे रविवार को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ट्रस्ट की सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने का आह्वान किया। डॉ. जयकिशन सुथार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श से अनेक गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो जाती है। कार्यक्रम में विजय आचार्य, शिवदयाल सुथार, शिवजी कलाकार, श्याम सुंदर लदरेचा, परमेश्वर सुथार, ओमप्रकाश सुथार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
