

100 जीवनोपयोगी प्रश्नों के उत्तर समेटे अलका स्वामी की पुस्तक का हुआ विमोचन
बीकानेर। लेखिका अलका स्वामी की द्वितीय पुस्तक ‘100 बिग क्वेश्चन’ का विमोचन महेश्वरी सदन में आयोजित गरिमामय समारोह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जेठानंद व्यास एवं प्रोफेसर विमला मेघवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ज्योति बाला व्यास, डॉ. नवरंग लाल महावर तथा डॉ. डी. आर. आर्य उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि जेठानंद व्यास ने कहा कि अलका स्वामी द्वारा लिखित यह पुस्तक पाँच भागों में विभाजित है, जिसमें अध्यात्म, कर्म, शिक्षा, व्यवहार, सनातन तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े जीवन के महत्वपूर्ण 100 प्रश्नों के सरल एवं सारगर्भित उत्तर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा विद्यार्थियों के लिए समान रूप से उपयोगी सिद्ध होगी और जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगी। प्रोफेसर विमला मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि एक अच्छी पुस्तक किसी पुस्तकालय के समान होती है, जो समाज और आने वाली पीढ़ियों में संस्कार, ज्ञान एवं सकारात्मक सोच का बीजारोपण करती है। उन्होंने लेखिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाजोपयोगी कृति बताया। कार्यक्रम में अतिथियों ने पुस्तक के विषय-वस्तु की प्रशंसा करते हुए लेखिका को शुभकामनाएँ दीं। समारोह का संचालन जसवंत सिंह राजपुरोहित ने किया।
