Bikaner Bikaner District Rajasthan

रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में नई पानी की टंकी, पाइप लाइन बदलने और हवाई सेवाओं के विस्तार की उठाई मांग

रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में नई पानी की टंकी, पाइप लाइन बदलने और हवाई सेवाओं के विस्तार की उठाई मांग
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य तथा दीपक पारीक ने रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान एवं बीकानेर से देश के प्रमुख महानगरों के लिए हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में जल वितरण पाइप लाइन लगभग 20 से 25 वर्ष पूर्व बिछाई गई थी। समय-समय पर सड़कों का स्तर ऊंचा होने के कारण पाइप लाइन अब 8 से 10 फीट की गहराई में पहुंच गई है। पुरानी हो चुकी पाइप लाइन के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से पानी का रिसाव, जलापूर्ति में बाधा तथा पेयजल में गंदगी मिलने जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में नई पानी की टंकी, स्वच्छ जलाशय एवं पंप हाउस के निर्माण की आवश्यकता भी बताई। उनका कहना था कि पिछले दो से ढाई दशकों में इस औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल आधारभूत संरचना के विकास के लिए कोई नया कार्य नहीं हुआ है, जिससे उद्योगों और क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरसीएस (उड़ान) 5.0 योजना के अंतर्गत आवंटित बीकानेर–सूरत एवं बीकानेर–मुंबई हवाई मार्गों का भी उल्लेख किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन मार्गों का संचालन यदि स्पाइसजेट द्वारा प्रभावी ढंग से नहीं किया जा रहा है, तो इन्हें वापस लेकर किसी अन्य सक्षम हवाई सेवा प्रदाता कंपनी को आवंटित किया जाए, ताकि बीकानेर को नियमित और बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *