

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बीकानेर में योगमय रहा वातावरण, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
बीकानेर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सामूहिक योगाभ्यास कर आमजन को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास, अंशुमान सिंह भाटी, सुरेन्द्र हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
वहीं गंगाशहर स्थित राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के योग भवन में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का समापन भी योग दिवस पर हुआ। शिविर में 83 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। शिविर का आयोजन राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के तत्वावधान में जन शिक्षण संस्थान बीकानेर, जैन महिला मंडल, खत्तरगच्छ महिला मंडल, सेवा भारती छात्रावास के विद्यार्थियों तथा आईसीएसआई संस्थान के सहयोग से किया गया। समापन समारोह में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर श्रीभगवान अग्रवाल, ब्रह्मदत्त आचार्य, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश उमाशंकर आचार्य, महेश उपाध्याय, लक्ष्मीनारायण चूरा, तलत रियाज, सावरलाल मोदी, खुशबू कोठारी, प्रेम कंवर नवलखा एवं श्वेता जैन ने अपनी-अपनी टीमों के साथ सहभागिता निभाई। योगाचार्य श्रीरतन तम्बोली ने योगाभ्यास करवाया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। संस्थान के मंत्री बनवारीलाल शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों का परिचय एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में बोथरा भवन, गंगाशहर में मुनि अमृत कुमार के सान्निध्य में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इधर, वेटरनरी विश्वविद्यालय बीकानेर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन एवं उत्तम स्वास्थ्य के लिए एक अनमोल धरोहर है। उन्होंने विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त सेठ जी.एल. बिहाणी शिक्षा ट्रस्ट से संबद्ध शिक्षण संस्थानों में भी कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।
