

बीकानेर–अमदावाद (साबरमती) एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, सीमांत क्षेत्रों में रेल नेटवर्क विस्तार की योजना पर जोर
बीकानेर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर–लालगढ़–अमदावाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ करते हुए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा राजस्थान के सीमांत क्षेत्रों को सुदृढ़ रेल नेटवर्क से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिलों के अनेक गांवों को रेल सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने सहित विभिन्न प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं।
वैष्णव ने नाल से पालना तक प्रस्तावित रेलवे बाईपास निर्माण योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पूर्ण होने से मालगाड़ियों का शहर के भीतर आवागमन कम होगा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी तथा प्रदूषण में भी कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि शहर के कोर्ट गेट रेलवे फाटक एवं सांखला रेलवे फाटक जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और शहर के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान सुमित गोदारा, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, विधायक जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत, अमिताभ तथा श्याम पंचारिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
