

मूक प्राणियों के लिए भोजन, चारा और पेयजल की गई व्यवस्था
बीकानेर। मुरलीधर गोचर भूमि में गौसेवा, जीवदया एवं जलसेवा को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। भीषण गर्मी के मौसम में मूक प्राणियों को भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य में समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान पक्षियों के लिए चुग्गा डाला गया तथा विभिन्न स्थानों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था कर पशु-पक्षियों के लिए पेयजल उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही गौवंश के लिए हरा चारा वितरित कर गौसेवा का पुण्य कार्य किया गया। आयोजकों ने बताया कि जीवदया और गौसेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी के बीच पशु-पक्षियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करना मानवता का श्रेष्ठ कार्य है। सेवा कार्य में ममता बांठिया एवं सुपारस बांठिया, धीरेंद्र बोथरा एवं ललिता बोथरा तथा प्रेमप्रकाश सोनी एवं मधुमती सोनी ने सहयोगकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विनोद कुमार पारख, मुकेश पुरोहित, विजय बोथरा, बृजरत्न भोजक सहित अनेक समाजसेवी एवं गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
